ओरछा में श्रीराम विवाह महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित

13 से 15 दिसंबर तक आयोजित होने वाले श्रीराम विवाह महोत्सव की व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी, स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात, पेयजल एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष जोर

खास बातें

  • बैठक में महोत्सव के दौरान देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आयोजन के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।
  • ओरछा में श्रीराम विवाह महोत्सव के अंतर्गत 13 दिसंबर को मंडप पूजन एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
  • 14 दिसंबर को श्रीराम विवाह एवं भव्य बारात निकाली जाएगी, जबकि 15 दिसंबर को श्रीराम कलेवा का आयोजन होगा।

धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ओरछा में 13 से 15 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले श्रीराम विवाह महोत्सव की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर राज्यसभा सांसद श्री महेश केवट, सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया, कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े की उपस्थिति में जुझार सिंह महल, ओरछा में बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव के दौरान देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु आयोजन के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने तथा उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री रोहन सक्सेना, एसडीएम श्री अशोक कुमार सेन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में राज्यसभा सांसद श्री महेश केवट ने कहा कि ओरछा का श्रीराम विवाह महोत्सव बुंदेलखंड का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। इसकी सफलता के लिए प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलकर आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग करें। उन्होंने विशेष रूप से भंडारे की परोस व्यवस्था पर ध्यान देने की बात कही। इसके लिए अलग-अलग टोलियां गठित कर व्यवस्थित रूप से प्रसाद वितरण कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिले और आयोजन का सकारात्मक संदेश जाए। उन्होंने संपूर्ण व्यवस्थाओं पर अपना सुझाव साझा किया।

सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया ने कहा कि श्रीराम विवाह महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के ओरछा पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पूर्व सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने श्रीराम बारात मार्ग, प्रमुख धार्मिक स्थलों एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले स्थानों पर विशेष प्रबंध करने, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने तथा स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों का सहयोग लेने का सुझाव दिया।

कलेक्टर श्रीमती भिड़े ने कहा कि श्रीराम विवाह महोत्सव ओरछा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने नगर में स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात, भंडारे, श्रीराम बारात मार्ग तथा श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

बैठक में महोत्सव की तैयारियों से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करें, जिससे श्रीराम विवाह महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें और आयोजन गरिमापूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

कलेक्टर ने नगर की नियमित साफ-सफाई के साथ चलित एवं अस्थाई शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने विद्युत तारों को व्यवस्थित रखने, खुले एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा नगर में स्थापित ट्रांसफार्मरों के आसपास बैरिकेडिंग कराने को कहा। बेतवा नदी के घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ कुशल तैराक एवं गोताखोर तैनात करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त प्रमुख चौराहों एवं चिन्हित स्थानों पर अलाव की व्यवस्था करने को कहा।

महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले भंडारे एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था को लेकर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रसाद वितरण के लिए अलग-अलग टोलियां गठित कर उन्हें स्पष्ट जिम्मेदारी सौंपी जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित तरीके से प्रसाद उपलब्ध हो सके। श्रीराम बारात के मार्ग पर भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा मार्ग में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए।

सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने तीन दिवसीय आयोजन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने, प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर यातायात प्रबंधन करने तथा जाम की स्थिति निर्मित न होने देने के निर्देश दिए। निर्धारित स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था विकसित करने और भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने को कहा। साथ ही सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों के उचित प्रबंध एवं गौवंश को नजदीकी गौशालाओं में पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस सहित चिकित्सा टीम की तीनों दिन तैनाती सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए दमकल दल को आवश्यक संसाधनों एवं पूरी तैयारी के साथ तैनात रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से आयोजन से पूर्व अपने-अपने दायित्वों से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर कमियों को दूर करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।

तीन दिवसीय आयोजन में होंगे विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम

ओरछा में श्रीराम विवाह महोत्सव के अंतर्गत 13 दिसंबर को मंडप पूजन एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। 14 दिसंबर को श्रीराम विवाह एवं भव्य बारात निकाली जाएगी, जबकि 15 दिसंबर को श्रीराम कलेवा का आयोजन होगा। तीनों दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के ओरछा पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग एवं दर्शन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।