धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को जिले में जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले में दो स्थानों पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत टमसार स्थित पीएमश्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रातः 10 बजे से तथा जिला मुख्यालय स्थित मानस भवन में सायं 4 बजे से कार्यक्रम आयोजित होगा।
जिला प्रशासन एवं जनजातीय कार्य विभाग सीधी के तत्वावधान में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और राष्ट्र निर्माण में जनजातीय महापुरुषों के योगदान को स्मरण करना है।
खास बातें
- धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान, जल-जंगल-जमीन एवं सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया।
- उनका त्याग, साहस, नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है।
- जनजातीय गौरव दिवस उनके विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करने तथा नई पीढ़ी को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों, स्वाभिमान, जल-जंगल-जमीन एवं सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका त्याग, साहस, नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। जनजातीय गौरव दिवस उनके विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करने तथा नई पीढ़ी को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर है।
जिला प्रशासन द्वारा दोनों कार्यक्रमों के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, जनजातीय समाज के नागरिकों, युवाओं एवं आमजन की सहभागिता रहेगी। जिला प्रशासन ने नागरिकों से कार्यक्रमों में शामिल होकर जनजातीय गौरव दिवस को गरिमामय बनाने की अपील की है।
