स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में ग्वालियर को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी ऑफ मध्यप्रदेश’ का प्रतिष्ठित अवार्ड मिलने पर ग्वालियर के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने समस्त शहरवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को ग्वालियर के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि प्रदेश में स्वच्छता के क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करना शहरवासियों की जागरूकता, सफाई मित्रों के समर्पण और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का सुखद परिणाम है। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि ग्वालियर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत वाला शहर है।
स्वच्छता के क्षेत्र में मिली यह उपलब्धि शहर की प्रतिष्ठा को और बढ़ाती है। इस सफलता में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। शहरवासियों ने स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने में अपना योगदान दिया है, जिसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा है। ग्वालियर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए आगे भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे। स्वच्छता के क्षेत्र में नगर निगम को आवश्यक सहयोग एवं प्रोत्साहन दिया जाएगा, ताकि शहर में सफाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो तथा ग्वालियर स्वच्छता के नए मानक स्थापित कर सके। प्रभारी मंत्री ने शहरवासियों से अपील की कि वे इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता की मुहिम में निरंतर सहभागी बनें।
अपने घर, गली, मोहल्ले और बाजार को स्वच्छ रखने के साथ कचरे का उचित प्रबंधन करें तथा सफाई मित्रों का सहयोग करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, नगर निगम और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ग्वालियर स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर प्रगति करेगा और आने वाले समय में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाएगा।
