शत-प्रतिशत रजिस्ट्री वाले गांवों के पटवारियों का किया सम्मान
हरदा 6 जून 2026/ धनतेरस के पावन अवसर पर शुक्रवार को स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना 2026 के अंतर्गत तहसील हंडिया की ग्राम पंचायत नीमगांव में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्राम नीमगांव, डोमनमऊ, छिड़गांव एवं रेवापुर के हितग्राही शामिल हुए। शिविर में जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर की मौजूदगी में हितग्राहियों की रजिस्ट्री का कार्य संपन्न कराया गया। शिविर में श्री पंकज विश्नोई, श्री भरत विश्नोई एवं श्री राजेश विश्नोई की स्वामित्व रजिस्ट्री की गई। ग्रामीण श्री पंकज विश्नोई ने बताया कि स्वामित्व योजना के तहत उनकी रजिस्ट्री पूर्णतः निःशुल्क हुई है, जिससे उनके लगभग 36 हजार रुपए की बचत हुई है। विशेष शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दर्शन सिंह गहलोत, कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, अपर कलेक्टर श्रीमती अनुपमा चौहान, एसडीएम श्री शैलेन्द्र बड़ोनिया सहित अधिकारी-कर्मचारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। तहसीलदार हंडिया श्रीमती पूजा भाटी ने बताया कि ग्राम मिर्जापुर, उड़ावा, छिड़गांव एवं रेवापुर में शत् प्रतिशत स्वामित्व रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण हो चुका है। कलेक्टर ने कहा - पुश्तैनी जमीन की होगी स्वामित्व रजिस्ट्री कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने कहा कि स्वामित्व योजना ग्रामीण परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और संपत्ति संबंधी अधिकार प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। संपत्ति का विधिवत अभिलेख होने से मालिकाना हक को लेकर सुरक्षा और विश्वास बढ़ा है। पुश्तैनी जमीन पर अभिलेख में कानूनी मालिकाना हक मिलने से ग्रामीणों को बहुत फायदा मिलेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि सभी अपनी पुश्तैनी जमीनों की रजिस्ट्री स्वामित्व योजना के तहत अवश्य कराएं। कार्यक्रम में शत् प्रतिशत स्वामित्व रजिस्ट्री पूर्ण करने वाले पटवारी श्री राजीव जैन एवं श्री धर्मेन्द्र यदुवंशी को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।






