आगामी 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र प्रारंभ एवं 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व मनाए जाने के संबंध में सोमवार को कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवरात्र एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया, अपर कलेक्टर श्री अरविंद सिंह, श्री किशन गुप्ता, श्री विनय जैन, श्री लाल साहब जाट, श्रीमती निशा सोनी, श्री नरेन्द्र राजपूत, श्री तरवर सिंह, श्री मनमोहन सिंह, श्री दिनेश दुबे, श्री बलवीर जनरल सिंह, श्री अभिषेक नेमा सहित शांति समिति के अन्य सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

खास बातें

  • बैठक में कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि दुर्गा प्रतिमाएं केवल मिट्टी की ही हों तथा पीओपी की प्रतिमाओं की बाजार में बिक्री न हो।
  • शांति समिति के सदस्यों एवं नागरिकों से भी मिट्टी से निर्मित प्रतिमाएं खरीदने की अपील की गई।
  • शारदीय नवरात्र प्रारंभ होने पर नरसिंहपुर स्थित सदर मढ़िया में सुबह 4 बजे से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी प्रतिमाओं पर जल अर्पित करने पहुंचते हैं।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि दुर्गा प्रतिमाएं केवल मिट्टी की ही हों तथा पीओपी की प्रतिमाओं की बाजार में बिक्री न हो। इसके लिए उन्होंने तहसीलदार एवं नगरपालिका अधिकारियों को संयुक्त रूप से जांच करने के निर्देश दिए। शांति समिति के सदस्यों एवं नागरिकों से भी मिट्टी से निर्मित प्रतिमाएं खरीदने की अपील की गई।

दुर्गा उत्सव के दौरान स्थापित किए जाने वाले पंडाल वाटरप्रूफ रखने, निर्धारित स्थानों पर ही प्रतिमाएं स्थापित करने तथा नए स्थान पर प्रतिमा स्थापना की स्थिति में आवागमन बाधित नहीं हो। ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े स्तर पर झांकियां एवं कार्यक्रम आयोजित करने वाले स्थानों की जानकारी संबंधित अनुविभागीय दंडाधिकारी एवं पुलिस थाने द्वारा पूर्व से प्राप्त करने के लिए कहा गया।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती सिह ने निर्देश दिए कि दुर्गा उत्सव के दौरान नागरिकों से जबरन चंदा वसूली नहीं की जाए। सभी मंडलों को आयोजन के संबंध में आवश्यक नियमों एवं व्यवस्थाओं का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। दुर्गा पंडालों के लिए विद्युत विभाग से विधिवत अनुमति लेकर ही कनेक्शन लेने के लिए कहा गया। पंडालों में सजावट के दौरान विद्युत सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा क्रॉस सजावट वाली लाइट नहीं लगाने के लिए कहा गया, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो।

कलेक्टर ने विद्युत विभाग को दुर्गा उत्सव के दौरान विद्युत आपूर्ति सुचारू बनाए रखने तथा पंडालों के लिए प्राप्त विद्युत कनेक्शन के आवेदनों पर तत्काल नियमानुसार कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी पंडालों को टेम्परेरी विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा नियमों का उल्लंघन होने पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

पंडालों के आसपास संबंधित मंडलों द्वारा साफ-सफाई रखने के लिए कहा गया। कलेक्टर ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी को शहर में उत्सव के दौरान साफ-सफाई एवं पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। शहर में चल रहे सीवर लाइन एवं अन्य नगरपालिका निर्माण कार्यों के कारण सड़कों पर बने गड्ढों का त्योहार से पूर्व समतलीकरण कराने के निर्देश दिए गए। ऐसे निर्माण कार्य, जिनसे त्योहार के दौरान लोगों को परेशानी हो सकती है, उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि दुर्गा पंडालों में वाद्य यंत्र एवं लाउड स्पीकर के उपयोग के संबंध में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन अनिवार्य रूप से किया जावे। नियमानुसार अनुमति लेने के बाद निर्धारित ध्वनि सीमा में ही लाउड स्पीकर बजाए जाएं तथा आपत्तिजनक गीत-संगीत का प्रसारण न किया जाए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री भूरिया ने कहा कि सभी दुर्गा पंडालों में सीसीटीव्ही कैमरे लगाए जाएं। साथ ही पंडालों में 24 घंटे किसी व्यक्ति की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया, ताकि सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे और किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल सूचना प्राप्त की जा सके।

बैठक में निर्देशित किया गया कि सभी दुर्गा मंडलों के गठन की जानकारी संबंधित पुलिस थाने, नगरपालिका, नगर परिषद, जनपद पंचायत एवं जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्यों के माध्यम से अनिवार्य रूप से प्राप्त की जाए। मंडल के पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर तथा पंडाल में आयोजित होने वाले प्रतिदिन के कार्यक्रमों की जानकारी संबंधित अनुविभागीय दंडाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बाहर से खिलौने आदि सामग्री बेचने के लिए आने वाले व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखने तथा कोई असामान्य गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल संबंधित थाने को सूचना देने के निर्देश दिए गए।

शारदीय नवरात्र प्रारंभ होने पर नरसिंहपुर स्थित सदर मढ़िया में सुबह 4 बजे से बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी प्रतिमाओं पर जल अर्पित करने पहुंचते हैं। इसे देखते हुए कलेक्टर ने सदर मढ़िया में पर्याप्त पुलिस व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिले के अन्य स्थानों पर भी जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी प्रतिमाओं पर जल अर्पित करने पहुंचते हैं, वहां आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

बैठक में निर्देशित किया गया कि पूर्व वर्षों की भांति नर्मदा तटों एवं निर्धारित स्थानों पर बनाए गए कुंडों में ही दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जावे। डिस्ट्रिक्ट होमगार्ड को विसर्जन स्थलों पर तैराकों की ड्यूटी लगाने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा मांगे जाने पर होमगार्ड बल तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रतिमा विसर्जन के लिए जाने वाले लोगों को नर्मदा नदी में स्नान नहीं करने तथा उन्हें गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए तहसीलदार एवं थाना प्रभारियों को विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

दुर्गा उत्सव एवं विसर्जन जुलूस के दौरान चलने वाले अखाड़ों में आग्नेय शस्त्र एवं धारदार हथियार लेकर चलना प्रतिबंधित रहेगा। दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन यथासंभव एक ही दिन में कराने का प्रयास किया जाएगा। विसर्जन के लिए प्रत्येक मंडल द्वारा निर्धारित रूट की जानकारी संबंधित क्षेत्र के जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्यों के माध्यम से प्राप्त कर विसर्जन से पूर्व अनुविभागीय दंडाधिकारी एवं संबंधित पुलिस थाने को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जा सके।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था के लिए विशेष दल गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नर्मदा नदी, अन्य नदियों एवं तालाबों के किनारे बनाए गए विसर्जन कुंडों पर एम्बुलेंस, डॉक्टर एवं आवश्यक उपचार सामग्री के साथ स्वास्थ्य दल की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला मुख्यालय की ओपीडी में पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस विभाग को दुर्गा उत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा रात्रि के समय आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार अनुविभागीय दंडाधिकारियों एवं कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी पुलिस के साथ लगाने के लिए कहा गया।

दशहरा पर्व पर होने वाले रावण दहन के लिए स्थल का चयन संबंधित अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी द्वारा आवश्यक सुरक्षा एवं व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। समिति के सदस्यों एवं पंडालों के अध्यक्षों से चर्चा कर स्थान निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्गा उत्सव एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मनाने के लिए जिलेवासियों को प्रेरित करें।