सागर जिला आज अपने प्रतिभावान युवाओं की अदम्य ऊर्जा के सहारे शिक्षा, राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं और खेल की दुनिया में सफलता की एक नई इबारत लिख रहा है। जिले के नौजवानों के सपनों को हकीकत में बदलने और उनकी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने के लिए अभूतपूर्व प्रयास किए गए हैं।

प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए सटीक मार्गदर्शन, बेहतरीन संसाधनों और उच्च स्तरीय कोचिंग के दम पर आज सागर के युवा हर मैदान में जिले का गौरव देश भर में बढ़ा रहे हैं। सागर के युवाओं को न केवल किताबों और परीक्षाओं के लिए मजबूत आधार मिला है, बल्कि खेल के मैदानों पर भी उनकी प्रतिभा को निखरने का पूरा मौका मिला है।

शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में मिला निःशुल्क संबल जिले के होनहार और जरूरतमंद युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष कोचिंग और मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है। इसके तहत शासकीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र, सिरौंजा (सागर) में अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के अभ्यर्थियों हेतु एमपीपीएससी परीक्षा की निःशुल्क ऑफलाइन कोचिंग सफलतापूर्वक संचालित की जा रही है।

साथ ही, ‘उड़ान योजना’ के माध्यम से जिले के मेधावी छात्रों को नीट एवं आईआईटी-जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षाओं के लिए विषय विशेषज्ञों द्वारा विशेष कोचिंग, काउंसलिंग और उत्तम पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराई गई है, जिससे ग्रामीण अंचलों के बच्चों का डॉक्टर और इंजीनियर बनने का सपना साकार हो रहा है।

खेल के मैदान में सागर के खिलाड़ियों का दबदबा प्रशासन के सहयोग और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत के दम पर सागर की टीमों और एथलीटों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धियाँ हासिल की हैं।

कबड्डी: इटारसी में आयोजित मप्र राज्य अंतर जोन अंडर-18 बालक कबड्डी चैंपियनशिप में सागर की टीम उपविजेता रही, जबकि रीवा में आयोजित अंडर-18 बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा, जूनियर राज्य स्तरीय बालक कबड्डी में भी जिले के खिलाड़ियों ने कांस्य पदक जीतकर चमक बिखेरी।

हॉकी और वॉलीबॉल: ग्वालियर में आयोजित खेलो इंडिया ऑल इंडिया स्मिता जूनियर महिला हॉकी लीग में सागर की कु. महजबी मिर्जा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया, वहीं बरेली (उत्तर प्रदेश) में आयोजित एसजीएफआई राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सागर के खिलाड़ी पार्थ चौबे ने राष्ट्रीय स्तर पर पाँचवाँ स्थान हासिल कर जिले का नाम देश भर में रोशन किया।