राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर जिलेभर में आज विशेष अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत जिले के 4 लाख 71 हजार 359 हितग्राहियों को कृमिनाशक दवा खिलाकर लाभान्वित किया गया। विधायक श्री सुदेश राय ने शासकीय सांत्वनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मंडी सीहोर में बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई। वहीं राज्य स्तर से डॉ. अर्चना मिश्रा, वरिष्ठ संयुक्त संचालक (एम.सी.एच.) ने बिलकिसगंज स्थित साईनाथ पब्लिक स्कूल पहुंचकर कृमि मुक्ति दिवस की गतिविधियों की जानकारी ली।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि जिले में कुल 6 लाख 54 हजार 666 हितग्राही चिन्हांकित किए गए हैं, जिनमें से 4 लाख 71 हजार 359 हितग्राहियों को आज दवा खिलाई गई। शेष छूटे हुए हितग्राहियों को 09 अक्टूबर को मॉप-अप राउंड के दौरान दवा खिलाकर लाभान्वित किया जाएगा।

खास बातें

  • शेष छूटे हुए हितग्राहियों को 09 अक्टूबर को मॉप-अप राउंड के दौरान दवा खिलाकर लाभान्वित किया जाएगा।
  • विभिन्न विकासखंडों में जनप्रतिनिधियों ने भी अभियान का शुभारंभ कर बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को दवा का सेवन कराया।
  • डॉ. डेहरिया ने बताया कि पेट में कृमि संक्रमण से बच्चों के शारीरिक एवं बौद्धिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

विभिन्न संस्थानों में आयोजित हुआ अभियान

सीएमएचओ के मार्गदर्शन में जिले की शहरी एवं ग्रामीण स्वास्थ्य संस्थाओं, शासकीय एवं निजी विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, मदरसों तथा ट्राइबल हॉस्टलों में कृमिनाशक दवा सेवन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न विकासखंडों में जनप्रतिनिधियों ने भी अभियान का शुभारंभ कर बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को दवा का सेवन कराया।

1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को खिलाई गई दवा

शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार 1 से 19 वर्ष आयु के सभी बच्चों एवं किशोर-किशोरियों तथा 20 से 49 वर्ष आयु वर्ग की प्रजनन आयु की महिलाओं को, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को छोड़कर, 400 मिलीग्राम एल्बेंडाजोल की दवा का सेवन कराया गया।

डॉ. डेहरिया ने बताया कि पेट में कृमि संक्रमण से बच्चों के शारीरिक एवं बौद्धिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इससे पोषक तत्वों के अवशोषण की क्षमता प्रभावित होती है, जिससे कुपोषण, एनीमिया, कमजोरी एवं थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ( WHO) तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा अनुशंसित कृमिनाशक रणनीति बच्चों एवं किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिले वासियों से अपील की है कि 06 अक्टूबर को दवा सेवन से वंचित रह गए बच्चों एवं पात्र हितग्राहियों को 09 अक्टूबर को निकटतम आंगनवाड़ी केंद्र, विद्यालय अथवा स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर कृमिनाशक दवा का सेवन अवश्य कराएं।