अटल वयो अभ्युदय योजना अंतर्गत वर्ष 2026-27 में इंटर जनरेशनल बॉन्डिंग पर आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने हेतु कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य वरिष्ठजनों, युवा एवं बाल पीढ़ी के बीच आपसी संवाद और अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना, पारिवारिक एवं सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करना तथा विभिन्न पीढ़ियों के बीच पारस्परिक सहयोग की भावना विकसित करना है।
मध्यप्रदेश सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा अटल वयो अभ्युदय योजना को केंद्र शासन द्वारा संचालित योजनाओं में शामिल किया गया है। जिला स्तर से जारी निर्देशों के अनुसार जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी/मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में संबंधित विभागों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत राज संस्थाओं, नगरीय निकायों, स्वयंसेवी संगठनों एवं अन्य संबंधित संस्थाओं के समन्वय से कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रमों में वरिष्ठजन, विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, वृद्धाश्रमों में निवासरत वरिष्ठजन तथा गणमान्य नागरिक सहभागी होंगे। गतिविधियों के माध्यम से वरिष्ठजनों के जीवन अनुभव, ज्ञान एवं परंपरागत अनुभवों को युवा एवं बाल पीढ़ी तक पहुंचाने तथा नई पीढ़ी को वरिष्ठजनों के साथ संवाद एवं सहयोग के लिए प्रेरित करने पर जोर रहेगा। जिले में निर्धारित कार्यक्रम तिथियां जिले के विभिन्न जनपद एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में कार्यक्रमों का आयोजन निर्धारित तिथियों में किया जाएगा।
क्र. जनपद एवं नगरीय निकाय में आयोजन की जारी तिथियांनुसार जनपद पंचायत एवं नगरपालिका सिरोंज में सोमवार 21 सितंबर को जनपद पंचायत एवं नगरपालिका लटेरी में बुधवार 23 सितंबर को जनपद पंचायत नटेरन एवं नगर परिषद शमशाबाद में 24 सितंबर तथा जनपद पंचायत ग्यारसपुर 28 सितंबर को जबकि जनपद पंचायत एवं नगरपालिका विदिशा में 30 सितंबर को आयोजित किया गया है।
वहीं अब तक जनपद पंचायत एवं नगरपालिका बासौदा एवं जनपद पंचायत एवं नगरपालिका कुरवाई में उक्त आयोजन हो चुकें हैं। कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनप्रतिनिधियों,वरिष्ठजनों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अनुभवों के आदान-प्रदान से मजबूत होंगे सामाजिक संबंध इंटर जनरेशनल बॉन्डिंग”के माध्यम से वरिष्ठजन अपने जीवन के अनुभव, सामाजिक एवं पारिवारिक मूल्यों तथा विभिन्न क्षेत्रों में अर्जित ज्ञान को युवा पीढ़ी के साथ साझा कर सकेंगे।
वहीं विद्यार्थी एवं युवा वरिष्ठजनों के अनुभवों से सीखने के साथ उनके साथ संवाद स्थापित करेंगे। इससे विभिन्न पीढ़ियों के बीच संवादहीनता कम करने तथा परिवार एवं समाज में वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान और सहभागिता की भावना को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के दायित्वों में सामाजिक योजनाओं में जनभागीदारी सुनिश्चित करना तथा वरिष्ठजनों के कल्याण से संबंधित गतिविधियों का संचालन भी शामिल है।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तिथियों में कार्यक्रमों का आयोजन सुव्यवस्थित रूप से कराने तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं संस्थाओं के सहयोग से अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


