सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भेजरी में हरित क्रांति के तहत कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री रत्नाकर झा ने कटहल का पौधा रोपित किया। उन्होंने पौधारोपण के महत्व को रेखांकित करते हुए अभियान के अंतर्गत जिलेवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।

कलेक्टर श्री झा ने कहा कि पौधारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख एवं संरक्षण सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ ने आम का पौधा रोपित किया। कार्यक्रम के दौरान सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।