भारत में सांकेतिक भाषा का इतिहास पुरातन होकर दीर्घकाल से प्रगतिशील है एक और हमारे धर्म में मौन व्रत धारण कर सांकेतिक भाषा में विभिन्न कार्यों को इशारों में समझा देना हमारी दिनचर्या का हिस्सा रहा है। वही वर्तमान में सांकेतिक भाषा ने आधुनिक विकास की ओर नए-नए सोपान स्थापित किये है। रोजमर्रा के जीवन में विभिन्न संकेतो को हम सहज रूप में प्रकट भी करते हैं तथा यह समावेशी स्वरूप में भी स्थापित है। उक्त बातें श्रीमती अश्विनी निक्कू चौहान नगर पालिका अध्यक्ष बड़वानी ने कुंडिया बसावट में आशा ग्राम ट्रस्ट द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय साइन लैंग्वेज डे कार्यक्रम के दौरान कही। सर्व शिक्षा अभियान द्वारा कुंडिया बसावट में संचालित विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग एवं आशाग्राम ट्रस्ट के संयुक्त तत्वाधान में सांकेतिक भाषा महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दृष्टि बाधित बालिका अंगिता के सरस्वती वंदना की सुमधुर प्रस्तुति के साथ अतिथियों के द्वारा की गई।ट्रस्ट के सचिव डॉ चक्रेश पहाड़िया ने कहा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए विशेष शिक्षक की महत्वपूर्ण भूमिका होती है तथा विशेष छात्रावास में इनकी नियुक्ति आवश्यक है। उन्होंने कहा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के छात्रावास को सर्व सुविधा युक्त बनाकर दिव्यांग बच्चों के अनुकूल बनाने के लिए ट्रस्ट के द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से पूर्ण प्रयास किए हैं इसी का परिणाम है कि आज भवन एवं परिसर आदर्श स्वरूप में दिखाई दे रहा है। बहुत जल्द ट्रस्ट के द्वारा विशेष छात्रों के लिए भी छात्रावास का संचालन किया जाना प्रस्तावित है।मूकबधिर बालिकाओं जिनमें मुख्य रूप से भावना, ज्योति,रूपाली और सोनाली ने सामूहिक नृत्य सांकेतिक भाषा में प्रस्तुत किया।एक और बच्चों ने जहां सांकेतिक भाषा में अल्फाबेट एवं राष्ट्रगान सुनाकर उपस्थितो को अपनी प्रतिभा से रूबरू कराया वही सामूहिक नृत्य में भी अपनी आभा के रंग बिखेरे। इस अवसर पर श्री निक्कू चौहान, आशाग्राम ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष डॉ मदन सिंह सोलंकी, सामाजिक न्याय विभाग के श्री देवेंद्र पंडित श्री सचिन दुबे श्री मनीराम नायडू श्री मनीष पाटीदार श्री पी एन पाटीदार श्री नरेंद्र सिंह सिसोदिया श्री रमेश यादव आदि उपस्थित थे।