शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने, यातायात जाम की स्थिति से बचने तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट जिला दतिया श्री स्वप्न्लि वानखड़े द्वारा भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन एवं बाजार क्षेत्रों में माल की लोडिंग-अनलोडिंग को लेकर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है। यह आदेश 1 अक्टूबर 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू होकर आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा। पुलिस अधीक्षक दतिया द्वारा 30 सितंबर 2026 को दतिया शहर में भारी वाहनों, जिनमें ट्रक, डंपर, आयशर, लोडिंग वाहन, ट्रैक्टर-ट्रॉली आदि शामिल हैं, के अनियंत्रित आवागमन तथा बाजार क्षेत्रों में माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं के संबंध में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था। प्रतिवेदन में बताया गया कि शहर के प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में भारी वाहनों के आवागमन तथा माल की लोडिंग-अनलोडिंग के कारण यातायात जाम की स्थिति निर्मित होती है। इससे आमजन के आवागमन में परेशानी के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती है। सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित आदेश के तहत दतिया शहर में ट्रक, डंपर, आयशर, लोडिंग वाहन, ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं अन्य भारी वाहनों का प्रातः 6 बजे से रात्रि 11 बजे तक प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध शहर के निर्धारित प्रमुख मार्गों एवं प्रवेश बिंदुओं पर प्रभावी रहेगा। भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध निम्नलिखित मार्गों एवं प्रवेश बिंदुओं पर लागू रहेगा झांसी चुंगी से सिविल लाइन मार्ग डी.जे. बंगला रास्ता डामर स्टेडियम गली से शर्माय दवाखाने की ओर पूर्व नन्हीं बंगला कट से राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर राजघाट तिराहा से दवाखाना मार्ग सीतासागर बायपास से स्टेडियम के सामने चुननगर फाटक सेवढ़ा चुंगी भाण्डेरी फाटक लाला का ताल तिराहा ऊपड़ी सड़क मार्ग सिविल लाइन से चमन महादेव मार्ग अस्पताल मार्ग से जिला चिकित्सालय की ओर बुन्देला कॉलोनी मार्ग भेड़ापुरा मार्ग इन सभी निर्धारित प्रवेश मार्गों एवं बिंदुओं पर प्रतिबंधित अवधि में भारी वाहनों का आवागमन नहीं किया जा सकेगा। बाजार क्षेत्रों में सुबह 11 से रात 8 बजे तक लोडिंग-अनलोडिंग पर रोक आदेश में दतिया शहर के प्रमुख बाजार एवं मार्ग क्षेत्रों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग के लिए भी समय निर्धारित किया गया है। प्रातः 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक निर्धारित बाजार क्षेत्रों में माल की लोडिंग एवं अनलोडिंग का कार्य पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यह प्रतिबंध भैरव मंदिर, तिगैलिया, टाउन हॉल, पटवा तिराहा, किला चौक, बिहारी जी मंदिर, मुड़ियन का कुआं तथा टाउन हॉल मार्ग सहित निर्धारित बाजार क्षेत्र में लागू रहेगा। निर्धारित अवधि में व्यापारियों, वाहन चालकों एवं संबंधित व्यक्तियों द्वारा सड़क अथवा सार्वजनिक मार्ग पर किसी भी प्रकार के माल की लोडिंग अथवा अनलोडिंग नहीं की जाएगी। इसका उद्देश्य बाजार क्षेत्रों में यातायात के सुचारु संचालन के साथ आमजन एवं वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराना है। आवश्यक एवं आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को मिल सकेगी अनुमति आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रतिबंधित अवधि के दौरान संबंधित भारी वाहनों का आवागमन तथा माल की लोडिंग-अनलोडिंग नहीं की जाएगी। हालांकि आवश्यक वस्तुओं एवं आपातकालीन सेवाओं से संबंधित वाहनों के संबंध में सक्षम अधिकारी द्वारा आवश्यकता के अनुसार पृथक से अनुमति अथवा छूट प्रदान की जा सकेगी। इस प्रकार आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के संचालन में जनहित एवं आपातकालीन आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सक्षम अधिकारी द्वारा नियमानुसार निर्णय लिया जा सकेगा। उल्लंघन पर होगी वैधानिक कार्यवाही आदेश के पालन की जिम्मेदारी पुलिस विभाग, नगर पालिका एवं संबंधित विभागों को सौंपी गई है। संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करेंगे कि निर्धारित प्रतिबंधित समयावधि में भारी वाहनों का शहर में प्रवेश न हो तथा निर्धारित बाजार क्षेत्रों में माल की लोडिंग-अनलोडिंग भी न की जाए। आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति अथवा वाहन चालक के विरुद्ध प्रचलित नियमों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया है कि आदेश की जानकारी वाहन चालकों, व्यापारियों एवं आमजन तक व्यापक रूप से पहुंचाई जाए। साथ ही प्रमुख प्रवेश मार्गों एवं संबंधित बाजार क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार सूचना एवं प्रतिबंध संबंधी संकेतक प्रदर्शित किए जाएं। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू है और आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगी। इसका उद्देश्य दतिया शहर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाना, बाजार क्षेत्रों में जाम की स्थिति को नियंत्रित करना तथा आमजन की सुविधा एवं सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
नमो सेवा अनकही कहानियां



