विद्युत सजावट, साफ-सफाई, टेंट, उद्घोषणा और पार्किंग व्यवस्था के कार्य होंगे
ग्वालियर की ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित व्यापारिक परंपरा के प्रतीक श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेला वर्ष 2026-27 के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा मेले का आयोजन 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित विभिन्न कार्यों हेतु निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। मेले में आने वाले व्यापारियों, दुकानदारों, उद्यमियों, नागरिकों और अन्य आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेला परिसर में विभिन्न व्यवस्थाएं की जाएंगी। इनमें अस्थायी विद्युत फिटिंग एवं विद्युत सजावट, संपूर्ण मेला परिसर की साफ-सफाई, कैंप एवं टेंट व्यवस्था, लाउडस्पीकर के माध्यम से उद्घोषणा तथा माइक व्यवस्था से जुड़े कार्य शामिल हैं। इसके अलावा, मेले में आने वाले लोगों की सुविधा और वाहनों के व्यवस्थित संचालन के लिए पार्किंग व्यवस्था भी की जाएगी। इस वर्ष पार्किंग को तीन जोन में विभाजित किया गया है। मेले के सुचारु संचालन के लिए अन्य आवश्यक कार्य भी कराए जाएंगे।
एमपी टेंडर पोर्टल पर ऑनलाइन आमंत्रित की गईं निविदाएं
ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा संबंधित कार्यों की निविदाएं समाचार पत्रों के माध्यम से प्रकाशित करने के साथ मध्यप्रदेश शासन के एमपी टेंडर पोर्टल (MP Tenders) पर ऑनलाइन आमंत्रित की गई हैं। इच्छुक ठेकेदार, फर्म और निविदाकार पोर्टल पर संबंधित निविदाओं का अवलोकन कर सकते हैं तथा नियमों एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी निविदाएं ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकते हैं। प्राधिकरण ने इच्छुक निविदाकारों से अपील की है कि वे निविदा प्रक्रिया में भाग लेने से पहले निविदा दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करें। साथ ही, निविदाओं में उल्लेखित नियमों, शर्तों, आवश्यक दस्तावेजों और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करें।
