शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) रीवा में आगामी 28 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जा रहा है। यह प्लेसमेंट ड्राइव टाटा मोटर्स लिमिटेड (सानंद, अहमदाबाद, गुजरात) में ' प्रोडक्शन ट्रेनी ' के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित किया जा रहा है। इस संबंध में प्राचार्य सौरभ शुक्ला ने बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव में 18 से 23 वर्ष की आयु के ऐसे आवेदक शामिल हो सकते हैं जिन्होंने हाईस्कूल के साथ संबंधित ट्रेड में दो वर्षीय आईटीआई जैसे फिटर, इलेक्ट्रिशियन, मशीनिस्ट, टर्नर, मोटर मेकेनिक, ड्राफ्ट्समैन मैकेनिकल/सिविल, सर्वेयर, इलेक्ट्रॉनिक मेकेनिक, आरएसी, उत्तीर्ण की हो। लर्न एंड अर्न प्रोग्राम के तहत चयनित उम्मीदवारों को अप्रेंटिसशिप के तौर पर जॉइनिंग दी जाएगी। इसके साथ ही, उन्हें गणपत यूनिवर्सिटी के माध्यम से डिप्लोमा इन मेकाट्रॉनिक्स की पढ़ाई करने का भी सुनहरा अवसर मिलेगा। इस पूरी प्रक्रिया में इंटरव्यू, जॉइनिंग, अटेंडेंस और स्टाइपेंड का प्रबंधन क्वेस कॉर्प लिमिटेड कंपनी द्वारा किया जाएगा। चयनित युवाओं को 17,149 रुपये प्रति माह स्टाइपेंड दिया जाएगा, साथ ही एक वर्ष में 12,000 रुपये का बोनस और नियमानुसार अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। प्राचार्य ने कहा है कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि और समय पर अपने समस्त मूल दस्तावेज और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ संभागीय आईटीआई रीवा परिसर में उपस्थित होकर प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल हो सकते हैं।
