अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर रीवा के शासकीय बिछिया चिकित्सालय में बेटियों का जन्म महापर्व की तरह मनाया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 11 से 15 अक्टूबर तक आयोजित 5 दिवसीय विशेष गतिविधियों के अंतर्गत बिछिया चिकित्सालय में जिन माताओं की गोद में नवजात बेटियां आईं, उन्हें विभाग की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया गया। नवजात परियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ बचपन की कामना करते हुए माताओं को स्वच्छता किट भेंट की गईं। जैसे ही चिकित्सालय के वार्डों में बेटियों के जन्म पर बधाइयां दी गईं और परिवारजनों के बीच मिठाइयां बांटी गईं, वहां का पूरा माहौल किसी बड़े उत्सव में तब्दील हो गया। इस दौरान पूरा चिकित्सालय परिसर बेटियों की किलकारियों और उनके स्वागत के उल्लास से सराबोर रहा। वहां मौजूद आमजनों और मरीजों के परिजनों ने शासन और विभाग की इस संवेदनशील पहल की खुले कंठ से सराहना की। लोगों का कहना था कि सरकारी अस्पताल में बेटियों के जन्म पर ऐसा आत्मीय सम्मान और जश्न समाज की सोच में एक सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाएगा।


