मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहडोल में तेंदूपत्ता संग्राहकों के बोनस वितरण कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय गतिविधियों, जनकल्याणकारी योजनाओं, स्थानीय कला एवं हस्तशिल्प, वनोपज संग्रहण और विपणन से संबंधित प्रदर्शनी का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों एवं काष्ठ कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्यों की सराहना की और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री श्री दिलीप अहिरवार, सांसद श्रीमती हिमाद्रि सिंह, विधायक श्री जयसिंह मरावी, श्रीमती मनीषा सिंह एवं श्री शरद कोल, प्रमुख सचिव वन श्री राघवेन्द्र सिंह, मध्यप्रदेश राज्य लघु वनोपज संघ, भोपाल की प्रबंध संचालक श्रीमती कोशिका मोहन्ता, जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा, कमिश्नर श्रीमती सुरभि गुप्ता, कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
खास बातें
- प्रदर्शनी में सांदीपनि विद्यालय छतवई द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रशिक्षण पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई थी।
- मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके प्रशिक्षण एवं तकनीकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की और उनका उत्साहवर्धन किया।
- यहां वनोपज के संग्रहण, प्रसंस्करण एवं विपणन से जुड़ी गतिविधियों को प्रदर्शित कर स्थानीय वनोपज की उपयोगिता और उनसे जुड़ी आजीविका संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी में सांदीपनि विद्यालय छतवई द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) प्रशिक्षण पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई थी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को एआई प्रशिक्षण के अंतर्गत दी जा रही जानकारी एवं गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उनके प्रशिक्षण एवं तकनीकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की और उनका उत्साहवर्धन किया।
लघु वनोपज सहकारी संघ, उत्तर एवं दक्षिण वनमंडल तथा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व (बीटीआर) के साथ उमरिया, अनूपपुर, सीधी एवं सतना से संबंधित उत्पादों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया। यहां वनोपज के संग्रहण, प्रसंस्करण एवं विपणन से जुड़ी गतिविधियों को प्रदर्शित कर स्थानीय वनोपज की उपयोगिता और उनसे जुड़ी आजीविका संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी अवलोकन के दौरान कृषि विभाग की प्रदर्शनी में श्रीमती विरमतिया भूमिया ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को वीरनमाला एवं परंपरागत बीजों की टोकरी भेंट की। इसके माध्यम से उन्होंने स्थानीय परंपराओं और पारंपरिक बीजों की विशेषताओं से मुख्यमंत्री को परिचित कराया।
हस्तशिल्प केंद्र छतवई की काष्ठ कलाकार दुर्गा सिंह ने मुख्यमंत्री को भगवान गणेश की काष्ठ प्रतिमा भेंट की। इस दौरान उन्होंने बताया कि स्थानीय काष्ठ कलाकारों द्वारा तैयार किए जा रहे हस्तशिल्प उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अमेजन से जोड़ा गया है। इससे स्थानीय कलाकारों के उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने और उनकी पहचान बढ़ाने में सहायता मिल रही है। मुख्यमंत्री ने काष्ठ कलाकार के प्रयासों का उत्साहवर्धन किया।
इसी क्रम में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व की प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री को टोपी भेंट की गई। वहीं, जनजातीय कार्य विभाग की प्रदर्शनी में मोरपंख से सुसज्जित पारंपरिक खोम्हरी भेंट की गई। मुख्यमंत्री ने स्थानीय कला-संस्कृति एवं जनजातीय परंपराओं से जुड़ी सामग्रियों का अवलोकन किया और इनके महत्व की जानकारी प्राप्त की।
राजस्व विभाग ने स्वामित्व योजना के हितग्राहियों को किया लाभान्वित
राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। इसके माध्यम से योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को मिलने वाले लाभों एवं योजना के क्रियान्वयन से संबंधित गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया।
प्रदर्शनी में शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, वनोपज संग्रहण एवं विपणन, कृषि, जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक बीजों और स्थानीय हस्तशिल्प से संबंधित गतिविधियों को एक ही स्थल पर प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विभिन्न विभागों के प्रयासों की जानकारी लेते हुए मेधावी विद्यार्थियों एवं स्थानीय कारीगरों का उत्साहवर्धन किया।

