राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. परिक्षित संजयराव झाड़े एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमला आर्य के मार्गदर्शन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, ज्योति नगर, शाजापुर में स्वास्थ्य परीक्षण एवं तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी डॉ. ललित किशोर शर्मा तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की मोबाइल हेल्थ टीम के डॉ. पंकज पाटीदार एवं महिला चिकित्सक डॉ. निहा खान द्वारा विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं विद्यालयीन स्टाफ के साथ समूह चर्चा कर तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

खास बातें

  • कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों को सामूहिक रूप से तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके सेवन से बचने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
  • डॉ. शर्मा ने बताया कि तंबाकू सेवन की आदत से छुटकारा पाने के इच्छुक व्यक्ति केंद्र पर पहुंचकर निःशुल्क परामर्श एवं उपचार प्राप्त कर सकते हैं।
  • यहां निकोटिन रिप्लेसमेंट थैरेपी (एनआरटी) भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है, जो तंबाकू की लत छोड़ने में सहायक हो सकती है।

डॉ. ललित किशोर शर्मा ने बताया कि तंबाकू का सेवन किसी भी रूप में, चाहे धूम्रपान के माध्यम से हो अथवा बिना धूम्रपान वाले उत्पादों जैसे जर्दा एवं तंबाकू पाउच के रूप में, शरीर के लिए हानिकारक ही है तंबाकू में पाया जाने वाला निकोटिन एवं अन्य रसायन शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचाते हैं तंबाकू सेवन से अनेक बीमारियां होती हैं, जिनमें कैंसर प्रमुख है। उन्होंने बताया कि धूम्रपान करने वाले व्यक्तियों द्वारा वातावरण में छोड़ा गया धुआं आसपास के लोगों के स्वास्थ्य को भी प्रभावित करता है इसे निष्क्रिय धूम्रपान (पैसिव स्मोकिंग) कहा जाता है, जिससे धूम्रपान नहीं करने वाले व्यक्ति भी तंबाकूजनित बीमारियों के जोखिम में आ सकते हैं।

डॉ. शर्मा ने बताया कि भारत सरकार द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन को नियंत्रित करने के लिए सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 ( कोटपा) लागू किया गया है। अधिनियम के उल्लंघन पर निर्धारित प्रावधानों के अनुसार जुर्माना लगाया जा सकता है विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों को तंबाकू मुक्त परिसर घोषित करने का उद्देश्य बच्चों एवं आमजन को तंबाकू के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना है।

कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थितजनों को सामूहिक रूप से तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके सेवन से बचने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर जिला अस्पताल शाजापुर के एमसीएच भवन में संचालित तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र की जानकारी भी दी गई। डॉ. शर्मा ने बताया कि तंबाकू सेवन की आदत से छुटकारा पाने के इच्छुक व्यक्ति केंद्र पर पहुंचकर निःशुल्क परामर्श एवं उपचार प्राप्त कर सकते हैं। यहां निकोटिन रिप्लेसमेंट थैरेपी (एनआरटी) भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है, जो तंबाकू की लत छोड़ने में सहायक हो सकती है। उन्होंने तंबाकू का सेवन करने वाले व्यक्तियों से अपील की कि वे तंबाकू छोड़ने के लिए जिला अस्पताल स्थित तंबाकू व्यसन मुक्ति केंद्र से संपर्क कर विशेषज्ञों की सहायता एवं परामर्श प्राप्त करें।