कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान हर ग्राम में पोषण जोडो-पुडिया छोडो अभियान चलाये जाने के संबंध में विस्तृत कार्य योजना तैयार की गई। लोगों को पोषण-स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा तम्बाकूयुक्त उत्पादों के सेवन से दूर रहने के लिए चलाये जा रहे इस अभियान के तहत आयोजित बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री कार्तिकेय जायसवाल, डीपीओ महिला बाल विकास श्री श्यामबाबू खरे, सहायक आयुक्त आदिम जाति श्री राकेश गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी श्री यश जैन, स्वास्थ्य विभाग से डॉ पचौरिया, आंकाक्षी फेलो सुश्री दीपांशी जादौन आदि उपस्थित रहें।

कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि पोषण जोडो-पुडिया छोडो अभियान को व्यापक रूप देने के उद्देश्य से जिले के प्रत्येक गांव में ग्राम स्तरीय इकाईयों का गठन किया जायेगा, जिनके द्वारा अभियान का संचालन करते हुए निगरानी की जायेगी तथा जन चेतना के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। इसके लिए गांव में स्वयंसेवकों का चयन कर इकाई गठित की जायेगी। जनभागीदारी एवं जनजागरूकता के लिए आमजन, शासकीय कर्मचारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित कर सामूहिक प्रयासों से अभियान को सफल बनाने का कार्य किया जायेगा।

खास बातें

  • प्रत्येक सप्ताह कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत द्वारा किसी एक ग्राम में जाकर चौपाल आयोजित की जाएगी।
  • नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम को अभियान से जोड़कर स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा संबंधी संकेतकों में सुधार हेतु समन्वित प्रयास करना है।

प्रत्येक सप्ताह कलेक्टर एवं सीईओ जिला पंचायत द्वारा किसी एक ग्राम में जाकर चौपाल आयोजित की जाएगी। इसके माध्यम से ग्रामीणों को तंबाकू एवं गुटखा सेवन के दुष्प्रभावों, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा तथा अभियान में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम को अभियान से जोड़कर स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा संबंधी संकेतकों में सुधार हेतु समन्वित प्रयास करना है।

स्वास्थ्य एवं तंबाकू निषेध तंबाकू एवं गुटखा सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने प्रचार-प्रसार के माध्यम के तहत पोस्टर, वीडियो, लघु फिल्म एवं दीवार लेखन कर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा। विद्यालयों में बालसभा के माध्यम से बच्चों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों, स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक किया जायेगा तथा ग्राम चौपालों का आयोजन कर ग्रामीणों के साथ संवाद किया जायेगा।