ती में नवाचार और अलग-अलग कृषि गतिविधियों को एक साथ अपनाकर किसान अपनी आमदनी के नए रास्ते खोल सकते हैं। इसका उदाहरण वारासिवनी तहसील के ग्राम भांडी निवासी कृषक श्री सुरेंद्र जैतवार हैं, जिन्होंने कृषि विभाग की RAD (रेनफेड एरिया डेवलपमेंट) योजना का लाभ लेकर अपने खेत को विविधीकृत कृषि गतिविधियों के मॉडल के रूप में विकसित किया है। सुरेंद्र जैतवार ने खेती को केवल पारंपरिक फसलों तक सीमित न रखते हुए अपने खेत में मछलीपालन, मुर्गीपालन, पशुपालन, वर्मी टांका, फलोद्यान और विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया है। इससे उनके खेत में कृषि के साथ-साथ पशुपालन एवं मत्स्यपालन को जोड़कर एक समन्वित कृषि प्रणाली विकसित हुई है।
खेत में फलदार एवं उपयोगी पौधों की भरमार
सुरेंद्र जैतवार ने अपने खेत में सागौन, नीलगिरी (लिप्टन), काजू, हाथीफल, आम, केला, सेलवट और अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए हैं। उनके खेत में इनकी संख्या 100 से अधिक है। फलदार पौधों के साथ विभिन्न उपयोगी प्रजातियों को शामिल करने से खेत की उपयोगिता और भविष्य की आय की संभावनाएं भी बढ़ी हैं। इसके अलावा उन्होंने नींबू की विभिन्न किस्मों का भी रोपण किया है। खेत में अलग-अलग प्रजातियों को अपनाकर उन्होंने यह दिखाया है कि सीमित क्षेत्र में भी योजनाबद्ध तरीके से विविध कृषि गतिविधियां संचालित की जा सकती हैं।
खास बातें
- सुरेंद्र जैतवार ने अपने खेत में सागौन, नीलगिरी (लिप्टन), काजू, हाथीफल, आम, केला, सेलवट और अमरूद सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए हैं।
- उनका मानना है कि किसान यदि खेती के साथ पशुपालन, मत्स्यपालन, मुर्गीपालन, फलोद्यान और अन्य गतिविधियों को जोड़ें, तो खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सकता है।
- उनकी खेती यह संदेश देती है कि कृषि में विविधता, नवाचार और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किसान को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा सकता है।
तालाब में मछलीपालन, मुर्गीपालन से भी जुड़ी आय
सुरेंद्र जैतवार के खेत में मछलीपालन भी किया जा रहा है। उनके तालाब में रूपचंदा, जलगा, पित्ती सहित विभिन्न प्रजातियों की मछलियों का पालन किया जा रहा है। इससे उन्हें पारंपरिक कृषि के साथ मत्स्यपालन से भी आय का अवसर मिल रहा है। इसी तरह उन्होंने कड़कनाथ, बॉयलर और देसी किस्म के मुर्गे-मुर्गियों का पालन भी शुरू किया है। मुर्गीपालन और मछलीपालन जैसी गतिविधियों को कृषि के साथ जोड़कर उन्होंने खेत को बहुआयामी स्वरूप दिया है।
हल्दी से लेकर सिंघाड़ा और जिमीकंद तक प्रयोग
सुरेंद्र जैतवार खेती में नए प्रयोग करने के लिए भी जाने जाते हैं। उनके खेत में हल्दी की खेती की जा रही है। इस वर्ष उन्होंने खेती में एक और कदम आगे बढ़ाते हुए सिंघाड़े और सूरन (जिमीकंद) की खेती की ओर भी रुझान दिखाया है। इस प्रकार एक ही किसान के खेत में अनाज एवं अन्य फसलों के साथ फलदार पौधे, औषधीय एवं उपयोगी फसलें, मछलीपालन, मुर्गीपालन, पशुपालन और जैविक खाद निर्माण जैसी गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
योजना के सहयोग से मिला खेती को नया स्वरूप
कृषि विभाग की RAD योजना के माध्यम से मिले सहयोग का लाभ उठाकर सुरेंद्र जैतवार ने अपने खेत में विविधीकृत कृषि प्रणाली को विकसित किया है। उनका मानना है कि किसान यदि खेती के साथ पशुपालन, मत्स्यपालन, मुर्गीपालन, फलोद्यान और अन्य गतिविधियों को जोड़ें, तो खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सकता है।
सुरेंद्र जैतवार ग्राम भांडी के उन किसानों में शामिल हैं, जिन्होंने योजनाओं का लाभ लेकर उसे अपने खेत में व्यवहारिक रूप से अपनाया और कृषि गतिविधियों में विविधता लाने का प्रयास किया है। वे कृषि विभाग की योजनाओं से मिले सहयोग के लिए विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
उनकी खेती यह संदेश देती है कि कृषि में विविधता, नवाचार और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किसान को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ा सकता है।

