जिले में कुपोषण की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के मैदानी अमले को प्रशिक्षित एवं दक्ष बनाया जा रहा है। इसी क्रम में UNICEF, AIIMS भोपाल एवं न्यूट्रिशन इंटरनेशनल के सहयोग से आयोजित चार चरणों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में 200 से अधिक लोगों को पोषण प्रबंधन एवं स्वास्थ्य परामर्श का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री आदित्य सिंह ने कहा कि बालाघाट जिले में कुपोषण से लड़ना एक बड़ी चुनौती है। इस चुनौती का सामना स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आमजन को मिलकर करना होगा। जिला प्रशासन कुपोषण को दूर करने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी मां नहीं चाहती कि उसके बच्चे के साथ किसी तरह की अनहोनी हो। इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में कुपोषण को लेकर जनजागरूकता लाने और परिवारों को बच्चों के बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता है।

कलेक्टर श्री सिंह ने मैदानी कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिले में जो भी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता अथवा एएनएम SAM ( गंभीर तीव्र कुपोषण) श्रेणी के सर्वाधिक बच्चों को चिन्हित कर उनका उपचार शुरू कराएंगी, उन्हें जिला प्रशासन द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुपोषण से निपटने में मैदानी अमले की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। समय पर कुपोषित बच्चों की पहचान और उपचार शुरू होने से बच्चों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचाया जा सकता है।

प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य समुदाय स्तर पर कुपोषित बच्चों का बेहतर पोषण प्रबंधन सुनिश्चित करना, बच्चों एवं माताओं को प्रभावी पोषण परामर्श उपलब्ध कराना तथा मैदानी अमले की कार्यक्षमता में वृद्धि करना है। इसके लिए जिला स्तर पर प्रशिक्षकों का दल भी तैयार किया जा रहा है, ताकि प्रशिक्षित कर्मचारी आगे अन्य मैदानी कर्मचारियों को भी आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दे सकें।

प्रशिक्षण में UNICEF, AIIMS भोपाल एवं न्यूट्रिशन इंटरनेशनल के विशेषज्ञों का सहयोग लिया गया। प्रशिक्षक पुष्पा अवस्थी एवं तारकेश्वर मिश्रा ने प्रतिभागियों को कुपोषित बच्चों की पहचान, पोषण प्रबंधन, स्वास्थ्य परामर्श, समुदाय स्तर पर पोषण सेवाओं की उपलब्धता तथा परिवारों को जागरूक करने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही मैदानी स्तर पर आने वाली चुनौतियों से निपटने और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने के व्यावहारिक तरीकों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

इस प्रशिक्षण से जिले के स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के अमले को अधिक दक्ष बनाने में मदद मिलेगी। इससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में माताओं और बच्चों तक बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं पहुंचाने तथा कुपोषण की रोकथाम और उपचार को प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।