उज्जैन, 03 नवंबर। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के विभिन्न स्वसहायता समूहों द्वारा निर्मित शुद्ध आजीविका उत्पादों की मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में स्टॉल लगाई गई। कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्टॉल पर पहुंचकर स्वसहायता समूह की दीदियों द्वारा निर्मित उत्पादों का अवलोकन किया गया और उनकी खरीदी भी की गई।एसआरएलएम जिला पंचायत श्री अमित बृजवानी ने जानकारी दी कि मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह गठित हुए हैं। इनके सदस्यों द्वारा फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाई गई हैं, जिनमें दाल और मसालों को तैयार कर पैकेजिंग की जाती है। इसमें शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है तथा यह पूर्णतः मिलावट रहित है। कलेक्टर श्री सिंह ने स्वसहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से उत्पादों की अधिक से अधिक खरीदी करने की अपील की है।स्वसहायता समूहों के पैकेट में मूंग की दाल, चने की दाल, हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर आदि सामग्री उपलब्ध है। इन उत्पादों का भुगतान क्यूआर कोड के माध्यम से भी किया जा सकता है।