जिले में नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और नरवाई मुक्त मध्यप्रदेश अभियान के क्रियान्वयन के उद्देश्य से एसडीएम कटंगी श्री विजय सिंह यादव ने 2 नवंबर को किसान संगठनों के प्रतिनिधियों, बेलर एवं हार्वेस्टर संचालकों की बैठक ली। कलेक्टर श्री आदित्य सिंह के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक में लगभग 52 किसान शामिल हुए। बैठक में नरवाई प्रबंधन के विभिन्न उपायों पर विस्तार से चर्चा करते हुए किसानों और हार्वेस्टर संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। एसडीएम श्री यादव ने कहा कि खेतों में नरवाई जलाने से मिट्टी के पोषक तत्व और लाभकारी सूक्ष्म जीव नष्ट होते हैं, जिससे भूमि की उर्वरता एवं उत्पादकता प्रभावित होती है। इसके अलावा नरवाई जलाने से वायु प्रदूषण भी बढ़ता है। उन्होंने किसानों से नरवाई नहीं जलाने और फसल अवशेषों का वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधन करने की अपील की। बैठक में हार्वेस्टर संचालकों को निर्देशित किया गया कि फसल कटाई के दौरान हार्वेस्टर में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) अनिवार्य रूप से लगाया जाए। किसानों को हैप्पी सीडर, सुपर सीडर एवं स्मार्ट सीडर जैसी मशीनों से बोआई करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि नरवाई को खेत में ही मिलाकर उसका उपयोग किया जा सके। इसके साथ ही नरवाई के संग्रहण के लिए बेलर मशीन का उपयोग करने तथा एकत्रित पराली को स्थानीय गौशालाओं में पशु चारे के रूप में उपलब्ध कराने की सलाह दी गई।

किसानों को बताया गया कि डिकम्पोजर के माध्यम से नरवाई को सड़ाकर जैविक खाद के रूप में तैयार किया जा सकता है, जिसका उपयोग अगली फसल में किया जा सकता है। नरवाई प्रबंधन से संबंधित मशीनों के संचालन एवं उपलब्धता को बेहतर बनाने के लिए आईओटी एवं जीपीएस आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग पर भी जोर दिया गया।

बैठक में किसानों को नरवाई जलाने पर लगाए जाने वाले जुर्माने के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। इसके अनुसार दो एकड़ तक भूमि पर नरवाई जलाने पर 2500 रुपये, दो से पांच एकड़ तक 5000 रुपये तथा पांच एकड़ से अधिक भूमि पर 15 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किए जाने का प्रावधान है। यह जुर्माना संबंधित भूमि के स्वामित्व धारक पर लगाया जाएगा। एसडीएम श्री यादव ने सभी किसानों, किसान संगठनों एवं हार्वेस्टर संचालकों से नरवाई प्रबंधन में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से नरवाई जलाने की घटनाओं को शून्य तक लाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।