जिले के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं एवं उनके आश्रितों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ECHS) पॉलीक्लीनिक टाइप 'ई' की मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) जबलपुर द्वारा मंगलवार को संजीवनी क्लिनिक, गवर्नमेंट आईटीआई रोड, वार्ड क्रमांक 01 बूढ़ी, बालाघाट में विशेष चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 36 से अधिक पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं एवं उनके आश्रितों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया। वहीं, एक पूर्व सैनिक को बेहतर उपचार के लिए रेफरल लेटर भी जारी किया गया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सिवनी एवं बालाघाट कर्नल अमरेन्द्र कुमार दास तथा कल्याण संयोजक नायब सूबेदार राम सिंह वैश के समन्वय और जिला प्रशासन बालाघाट के सहयोग से इस चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। ECHS पॉलीक्लीनिक टाइप 'ई' जबलपुर की मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीम में चिकित्सक डॉ. शिवम खेत्रपाल एवं तीन मेडिकल अटेंडेंट शामिल रहे। मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा 3 नवंबर को बालाघाट जिले का पांचवां दौरा किया गया।
मोबाइल मेडिकल यूनिट का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं एवं उनके आश्रितों को उनके गृह जिले में ही ECHS के माध्यम से चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से जिले में मोबाइल मेडिकल यूनिट की सेवाएं प्रारंभ की गई हैं, ताकि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों को दूरस्थ शहरों की यात्रा न करनी पड़े।
चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर की गतिविधियां पूरी होने के बाद मोबाइल मेडिकल यूनिट की टीम 3 नवंबर को वापस जबलपुर के लिए रवाना हो गई। पूर्व सैनिकों के लिए जिले में इस प्रकार के चिकित्सा शिविरों का आयोजन स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

