9 सितम्बर से जिले में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का विधिवत शुभारंभ हुआ। यह अभियान 8 अक्टूबर 2026 तक हमारी आंगनवाड़ी-हमारी जिम्मेदारी थीम पर संचालित होगा। अभियान के आरंभ होने पर जिला एवं परियोजना स्तर पर स्थानीय शुभारंभ कार्यक्रम, पोषण संकल्प, जन-जागरूकता रैली एवं दीवार लेखन जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
इस क्रम में जिले की सभी महिला एवं बाल विकास परियोजना अंतर्गत आने वाले आंगनवाड़ी केन्द्रों की कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, किशोरी बालिकाओं, स्थानीय महिलाओं एवं बच्चों की सक्रिय सहभागिता में जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में सम्मिलित बालक-बालिकाओं ने हाथों में पोषण संबंधी प्रेरक संदेशों की तख्तियां लेकर आमजन को पोषण के प्रति जागरूक किया।
रैली के दौरान चार्ट प्रदर्शन के माध्यम से पोषण एवं टीकाकरण, आंगनवाड़ी केन्द्रों पर ताजा एवं गर्म पका भोजन तथा सामुदायिक भागीदारी जैसे विषयों पर भी जानकारी साझा की गई।कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित बैनर के माध्यम से पोषण माह के पांच प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी गई।
इनमें आहार विविधता एवं प्रोटीन युक्त पोषण, आंगनवाडी केंद्रों पर ताजा एवं गर्म पका हुआ भोजन, सामुदायिक भागीदारी, प्रारंभिक बाल्यावस्था की देखभाल, शिक्षा एवं विकास तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से सुरक्षित मातृत्व शामिल है। पोषण माह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य समुदाय में पोषण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना, कुपोषण मुक्ति की दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करना तथा हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी अवधेश कुमार सिंह द्वारा सभी नागरिकों, विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं छोटे बच्चों के अभिभावकों से अपील की गई है कि वे राष्ट्रीय पोषण माह की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लें एवं अपने आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़ें।


